पोषण ट्रैकर ऐप के सत्यापन के नाम पर साइबर ठगी, तीन लाभार्थियों के खातों से 68 हजार रुपये पार
बिलरियागंज आजमगढ़। पोषण ट्रैकर ऐप पर सत्यापन कराने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने बिलरियागंज थाना क्षेत्र के तीन लाभार्थियों के बैंक खातों से कुल 68,524 रुपये उड़ा दिए। मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री की तहरीर पर पुलिस और साइबर सेल जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पांती खुर्द की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री कमलावती देवी के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बाल पुष्टाहार विभाग, लखनऊ का अधिकारी बताया। उसने पोषण ट्रैकर ऐप पर लाभार्थियों का सत्यापन करने को कहा। इसके बाद आरोपी ने तीन लाभार्थियों को फोन कर सत्यापन अनिवार्य बताते हुए एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने के लिए कहा।
आरोप है कि तीनों लाभार्थी झांसे में आकर लिंक पर क्लिक कर बैठे। कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर बैंक खातों से रुपये कटने के संदेश आने लगे। साइबर अपराधियों ने तीनों खातों से कुल 68,524 रुपये निकाल लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने इसकी जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री को दी।
इसके बाद कमलावती देवी ने आरोपी के मोबाइल नंबर समेत उपलब्ध विवरण के साथ बिलरियागंज थाने में तहरीर दी और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ठगी गई धनराशि को होल्ड कराने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

























































Leave a comment