सीएमएस ने मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं का किया औचक निरीक्षण
देवरिया । मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एच.के. मिश्र ने महर्षि देवराहा बाबा स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का पूर्वाह्न लगभग 8:30 बजे औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, विभिन्न वार्डों, एमसीएच विंग, दवा वितरण काउंटर, मरीज पंजीकरण काउंटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर दवा, उपचार तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
डॉ. मिश्र ने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को समय पर उपचार एवं सभी अनुमन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों एवं तीमारदारों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी मरीज को उपचार संबंधी असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।






















































Leave a comment