मोहर्रम को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने की तैयारी तेज, डीएम-एसपी ने ली पीस कमेटी की बैठक
•जुलूस मार्गों के संयुक्त निरीक्षण, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश; नई परंपरा शुरू न करने की अपील ।
सुलतानपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, विभिन्न धर्मगुरु, ताजिया कमेटियों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मोहर्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने तहसीलवार समीक्षा के दौरान सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संयुक्त रूप से जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लें तथा जहां भी किसी प्रकार की समस्या हो, उसका तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने नगर निकायों और पंचायत विभाग को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान धर्मगुरुओं एवं समिति के सदस्यों ने कई स्थानों पर सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले सभी जुलूसों के मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर बिजली, साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील की।
एसपी ने सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए डिजिटल वालंटियर्स की नियुक्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगा।
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मोहर्रम के दौरान विद्युत, पेयजल, सड़क, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और जुलूस अनुमति जैसी सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि बैठक में प्राप्त सुझावों को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने विद्युत विभाग को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि जुलूस मार्गों का सर्वे कर खुले तारों, झूलती विद्युत लाइनों और अन्य संभावित खतरों को समय रहते ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने सभी धर्मगुरुओं और समिति के सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम का पर्व आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी सभी नागरिकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर त्योहार को सकुशल संपन्न कराने की अपील की।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएंगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।






















































Leave a comment