Latest News / ताज़ातरीन खबरें

257वें आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 1548 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

•जनपद के 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 57 चिकित्सकों व 232 पैरामेडिकल कर्मियों ने दी सेवाएं, 475 बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका ।
सुलतानपुर। जनपद में रविवार को आयोजित 257वें आरोग्य स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जिले के सभी 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस स्वास्थ्य मेले का सफल संचालन 57 चिकित्सकों एवं 232 पैरामेडिकल स्टाफ के सहयोग से किया गया। मेले के दौरान मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श, दवाओं का वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मेले में कुल 1548 लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। इनमें 659 पुरुष, 766 महिलाएं तथा 123 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
मेले के दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। पात्र लाभार्थियों के लिए 20 गोल्डन कार्ड तथा 20 आभा (ABHA) कार्ड भी बनाए गए। इससे लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना एवं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
महिला एवं बाल स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 475 बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नियमित रूप से आयोजित होने वाले इन मेलों के माध्यम से आमजन को न केवल उपचार बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी प्रदान की जा रही है।
मेले के सफल आयोजन में चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh