ताइक्वांडो में चार बेटियों ने हासिल की रेड वन बेल्ट, ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री के करीब पहुंचीं खिलाड़ी
आजमगढ़। पुलिस लाइन आजमगढ़ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में संचालित खेल गतिविधियां लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। लगभग नौ माह पूर्व शुरू किए गए ताइक्वांडो एवं जिमनास्टिक प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।
ताइक्वांडो प्रशिक्षण प्राप्त कर रही खिलाड़ी गौरवी गुप्ता, परिधि गुप्ता, सृष्टि पाठक एवं श्रेया यादव ने सफलतापूर्वक रेड वन बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर जनपद और पुलिस परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ ये खिलाड़ी अब ब्लैक बेल्ट मास्टर डिग्री प्राप्त करने के और करीब पहुंच गई हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ ही दिन पूर्व इन खिलाड़ियों ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक भी हासिल किए थे। उनकी यह सफलता लगातार मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण का परिणाम मानी जा रही है।
रेड वन बेल्ट परीक्षा का आयोजन 05 जून 2026 को युवा ताइक्वांडो अकैडमी, बेनीपुर एनडीआरएफ, वाराणसी में किया गया था। इस परीक्षा का संचालन वाराणसी ताइक्वांडो संघ (उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ से संबद्ध) द्वारा किया गया, जिसमें वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा के दौरान निर्णायक मंडल में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक अरविंद यादव, राष्ट्रीय रेफरी हर्ष पाल, संघ के सचिव/अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक सुनील कुमार शिंदे सहित अन्य प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
आजमगढ़ पुलिस परिवार की इन बेटियों की उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
























































Leave a comment