शनिदेव शक्ति पीठ मंदिर में पुजारी को लेकर बवाल, दो पक्षों में हाथापाई, ग्रामीण धरने पर बैठे
बिलरियागंज आजमगढ़। थाना क्षेत्र के दान शनिचरा स्थित शनिदेव शक्ति पीठ मंदिर में पुजारी और पूजा-पाठ के अधिकार को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को एक बार फिर भड़क गया। मंदिर में पूजा कराने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर तैनात पुलिस बल ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल ट्रस्ट द्वारा नियुक्त पुजारी को ही मंदिर में पूजा करने की अनुमति दी गई है। इससे नाराज ग्रामीण मंदिर परिसर के बगल में धरने पर बैठ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूजा-पाठ और वर्चस्व को लेकर पिछले तीन-चार महीनों से विवाद चल रहा है। शनिवार को ग्रामीणों के एक गुट ने दूसरे पक्ष के पुजारी को मंदिर में प्रवेश करा दिया। इसका विरोध दूसरे पक्ष ने किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।
सुबह हुई झड़प के बाद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद मंदिर परिसर में फिर विवाद हो गया। इस दौरान शनिदेव ट्रस्ट के एक पदाधिकारी और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। माहौल बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।पुलिस द्वारा ट्रस्ट के पुजारी को पूजा-पाठ की अनुमति दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर के बगल में धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर विवाद का स्थायी समाधान नहीं करेगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
ट्रस्ट द्वारा नियुक्त पुजारी पन्नालाल मिश्र का कहना है कि मंदिर उनके निजी भवन से सटा हुआ है और उनके परिवार के लोग वर्षों से यहां पूजा-पाठ करते आ रहे हैं। दूसरे पक्ष का दावा पूरी तरह गलत है।
वहीं दूसरे पक्ष के पुजारी राजेश मिश्र ने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से मंदिर में नियमित रूप से पूजा करा रहे हैं। आरोप लगाया कि पिछले तीन-चार महीनों से उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। शनिवार को ग्रामीणों की मदद से मंदिर में प्रवेश करने पर विरोधी पक्ष ने मारपीट किया।


















































Leave a comment