Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आरोग्य स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 1538 लोगों ने लिया निशुल्क उपचार का लाभ

•जनपद के 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित 256वें आरोग्य मेले में 422 बालिकाओं को लगाया गया एचपीवी टीका, 38 गोल्डेन कार्ड व 19 आभा कार्ड बने ।
सुलतानपुर। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को जनपद के सभी 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 256वां आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस स्वास्थ्य मेले को सफल बनाने में जनपद के 58 चिकित्सकों तथा 284 पैरामेडिकल कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार मेले में कुल 1538 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। इनमें 642 पुरुष, 751 महिलाएं तथा 145 बच्चे शामिल रहे।
मेले में मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, मधुमेह, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी परामर्श, संक्रामक एवं गैर-संचारी रोगों की जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी जागरूक किया।
सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के लिए 38 गोल्डेन कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें पांच लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। वहीं डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 आभा (ABHA) कार्ड भी बनाए गए।
स्वास्थ्य मेले की विशेष उपलब्धि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को माना जा रहा है। इस दौरान 422 बालिकाओं को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करने में प्रभावी माना जाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। मेले के माध्यम से लोगों को उनके घर के निकट ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh