Accidental News / दुर्घटना की खबरें

गोंठा बाईपास पर दो ट्रेलरों में टक्कर, ट्रेलर चालक की मौत

घोसी। गोठा। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गोंठा बाईपास के पास शनिवार रात करीब 8:30 बजे दो ट्रेलरों भीषण टक्कर में एक ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद फोरलेन की एक लेन पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।

  जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के थाना पड़रौना क्षेत्र के विजयीपुर निवासी 26 वर्षीय सैफ अली उर्फ आलम पुत्र कासिम अली ट्रेलर लेकर गोरखपुर से वाराणसी की ओर जा रहे थे। उनके आगे उसी मालिक का एक अन्य ट्रेलर चल रहा था। गोंठा बाईपास के पास अचानक सामने आए एक वाहन को बचाने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रेलर चालक ने ब्रेक लगा दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर उसमें जा भिड़ा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक सैफ अली उसमें फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद फोरलेन की एक लेन पर लंबा जाम लग गया। थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने पुलिस एवं लोगों के सहयोग से दोनों ट्रेलरों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh