आजमगढ़: किशोरी से छेड़छाड़ और शादी का दबाव बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Azamgarh। थाना कप्तानगंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़, मोबाइल नंबर मांगने और शादी का दबाव बनाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 8 मई की शाम करीब 5:30 बजे बृजेश यादव पुत्र मुक्तिनाथ यादव निवासी चेवता उसका पीछा करते हुए अभद्र व्यवहार कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर खींचा, मोबाइल नंबर मांगा और शादी करने का दबाव बनाया। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता के अनुसार, वह बचने के लिए एक दुकान पर पहुंच गई, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और अभद्रता करता रहा। बाद में आरोपी ने पीड़िता के पिता की दुकान पर जाकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना कप्तानगंज में मु0अ0सं0 137/2026 धारा 75(2), 351(3), 352 बीएनएस एवं 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अमन तिवारी को सौंपी गई।
13 मई को दोपहर 12:40 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी बृजेश यादव (33 वर्ष) को चेवता चौराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अमन तिवारी और कांस्टेबल विपिन कुमार पाण्डेय शामिल रहे।





















































Leave a comment