आजमगढ़: माटीकला बोर्ड देगा निःशुल्क विद्युत चालित चाक मशीन, 31 मई तक करें आवेदन
Azamgarh। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी दीपक मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लास्टिक से निर्मित कप, प्लेट, गिलास, थाली एवं अन्य सामग्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके तहत माटीकला बोर्ड के माध्यम से मिट्टी से बने उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना संचालित की जा रही है।
योजना के अंतर्गत ऐसे माटीकला कामगारों एवं शिल्पकारों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, जो मिट्टी के बर्तन, खिलौने, मूर्तियां एवं अन्य उत्पाद बनाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
अधिकारी ने बताया कि 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक कामगार एवं शिल्पकार इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक 31 मई 2026 तक UP Mati Kala Board वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्डकॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, सिधारी आजमगढ़ में जमा कर सकते हैं।
योजना के तहत एक परिवार से केवल एक व्यक्ति ही पात्र होगा। साथ ही, जिन्हें पूर्व में इस योजना का लाभ मिल चुका है, वे दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।
विशेष जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7408410762 पर संपर्क किया जा सकता है।





















































Leave a comment