Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम ने की बाढ़, सिंचाई, नलकूप व जल निगम कार्यों की समीक्षा, योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश।

देवरिया।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में बाढ़, सिंचाई, नलकूप एवं जल निगम विभाग से संबंधित कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संचालित योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचन क्षमता को सुदृढ़ बनाए रखने एवं कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न होने को सुनिश्चित करने पर जोर दिया
   जिलाधिकारी ने बाढ़ विभाग से संबंधित कार्य परियोजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जो परियोजनाये लोकार्पण एवं शिलान्यास की स्थिति में है, उसकी अलग सूची तैयार रखी जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े निरोधात्मक एवं आवश्यक कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
  सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नहरों की सफाई एवं रखरखाव कार्यों का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।  साथ ही नहरों में रोस्टर के अनुरूप पानी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की समस्या न हो।
    नलकूप विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने खराब नलकूपों की मरम्मत एवं रखरखाव कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी नलकूप यांत्रिक अथवा विद्युत खराबी के कारण बंद न रहे, यह अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। 
             जल निगम विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पेयजल योजनाओं, पानी की टंकियों एवं पाइपलाइन कार्यों की क्रॉस चेकिंग पंचायत सचिवों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कई स्थानों पर पाइपलाइन डालने के बाद सड़कें खोदकर छोड़ दी जाती हैं, जो किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित सड़क को तत्काल ठीक कराया जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पेयजल टंकियों से अंतिम छोर तक पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जल निगम से संबंधित सभी परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराया जाए।
         बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर एवं संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh