आजमगढ़: प्रतीक यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की न्यायिक जांच की मांग, छित्तेपुर में आमरण अनशन के दौरान उठी आवाज
आजमगढ़ (दीदारगंज)। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तेपुर गांव में चल रहे आमरण अनशन के नौवें दिन भी धरना स्थल पर समर्थकों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगातार जारी रहा। अनशनकारियों के स्वास्थ्य को लेकर भी लोगों में चिंता देखी गई।
इसी दौरान मीडिया से बातचीत में सामाजिक कार्यकर्ता एहसान खान उस समय भावुक हो गए जब उनसे मुलायम सिंह यादव के परिवार से जुड़े प्रतीक यादव के निधन को लेकर सवाल पूछा गया। बातचीत के दौरान उनकी आंखें नम हो गईं।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव के परिवार से उनका नजदीकी संबंध रहा है। उन्होंने प्रतीक यादव की असामयिक और संदिग्ध परिस्थितियों में कथित मृत्यु को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया।
एहसान खान ने कहा कि इस मामले की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी मांग की कि देश के प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश इस प्रकरण का संज्ञान लें और निष्पक्ष जांच कराई जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं और पूरी सच्चाई स्पष्ट होगी। साथ ही उन्होंने दोहराया कि उनका आमरण अनशन न्याय मिलने तक अनवरत जारी रहेगा।
धरना स्थल पर मौजूद समर्थकों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की और प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की।




















































Leave a comment