आजमगढ़: सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस पर कार्रवाई की मांग, भारत रक्षा दल ने सौंपा ज्ञापन
आजमगढ़। भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में सरकारी सेवारत डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पतालों एवं स्वयं की क्लीनिक में प्राइवेट प्रैक्टिस किए जाने के विरोध में अपर निदेशक चिकित्सा मंडल आजमगढ़ को ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में तैनात कुछ डॉक्टर खुलेआम निजी अस्पतालों और अपने क्लीनिकों में प्रैक्टिस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सरकारी अस्पतालों से मरीजों को दलालों के माध्यम से निजी अस्पतालों में भेजा जाता है, जहां उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि कुछ माह पूर्व माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बाद चिकित्सा सचिव द्वारा जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया था कि सरकारी डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस न करने संबंधी शपथ पत्र लिया जाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया केवल कागजी खानापूर्ति बनकर रह गई है और नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश ने कहा कि डॉक्टरों पर न तो सरकारी आदेशों का असर दिखाई दे रहा है और न ही न्यायालय के निर्देशों का। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा दल ने अब इस मामले में कानून का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन को पत्र दिया है।
अपर निदेशक चिकित्सा मंडल आजमगढ़ ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मामले में जांच कर एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देगी। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे मंत्री स्तर तक मामला उठाने के साथ न्यायालय की शरण भी लेंगे।
ज्ञापन देने वालों में धर्मवीर शर्मा, राजन अस्थाना, जैनेंद्र चौहान, हिमांशु सिंह, चंद्रप्रकाश मौर्य समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।























































Leave a comment