पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जेल के बंद माफिया ध्रुव कुमार सिंह कुंटू सिंह गिरोह के सदस्य पर बड़ी कार्रवाई! गैंगेस्टर एक्ट के तहत 6.20 करोड़ की संपत्ति कुर्क
आजमगढ़ जनपद में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत करोड़ों की अवैध संपत्ति कुर्क की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना जहानागंज पुलिस ने जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर गैंग के सदस्य की करीब 6 करोड़ 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। पुलिस के अनुसार, प्रदेश स्तर पर चिन्हित माफिया ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुन्टू सिंह (थाना जीयनपुर) के गैंग नंबर IR-36 से जुड़े सदस्य संजय यादव के नाम पर अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को कुर्क किया गया है। संजय यादव, जो कि जहानागंज थाना क्षेत्र के जिगरसण्डी का निवासी है, ने आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से जमीन खरीदकर उस पर मकान बनवाया था। पुलिस ने कुल 4 गाटा संख्या में 0.636 हेक्टेयर भूमि को कुर्क किया है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब ₹6.20 करोड़ आंकी गई है। यह जमीन जिगरसण्डी और अनेई गांव (तहसील सदर) में स्थित है, जिसे आरोपी ने अपने भाई और उसकी पत्नी के नाम पर खरीदा था। पुलिस के मुताबिक, माफिया कुन्टू सिंह गैंग और उसके सदस्यों की अब तक कुल ₹22.05 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत की गई है थाना जहानागंज पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी थी। डीएम के आदेश (दिनांक 16 अप्रैल 2026) के अनुपालन में 19 अप्रैल को तहसीलदार विवेकानंद दूबे, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, लेखपाल और पुलिस टीम की मौजूदगी में संपत्ति कुर्क की गई। ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुन्टू सिंह एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट समेत 70 से अधिक गंभीर मुकदमे विभिन्न जनपदों में दर्ज हैं। वहीं गैंग के सदस्य संजय यादव के खिलाफ भी हत्या सहित 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और माफिया व अपराधियों के आर्थिक तंत्र को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे!!


























































Leave a comment