Education world / शिक्षा जगत

घोसी ब्लॉक में “स्कूल चलो अभियान” के तहत निकाली गई भव्य ब्लॉक स्तरीय रैली, बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील

घोसी। मऊ।शिक्षाक्षेत्र घोसी के जुनियर हाई स्कूल मझवारा मोड़ से उत्तर प्रदेश शासन की मंशा एवं लक्ष्य के अनुरूप “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत एक भव्य ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन शनिवार को किया गया। यह रैली पूरे ब्लॉक के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के संयुक्त प्रयास से आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं अभिभावक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
रैली का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्ना प्रसाद गुप्ता, खंड विकास अधिकारी शैलेन्द्र प्रकाश एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया।
रैली ब्लॉक के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों से होकर गुजरी। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में तख्तियां, पोस्टर एवं बैनर लेकर “हर बच्चा, हर दिन स्कूल आए”, “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “शिक्षा है सबसे बड़ा अधिकार” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आम जनमानस को जागरूक किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था।
इस अभियान के अंतर्गत “शारदा अभियान” पर विशेष रूप से बल दिया गया, जिसके तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन नजदीकी विद्यालयों में सुनिश्चित करने तथा विद्यालय से वंचित बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
इस अवसर पर शिक्षक नेता डॉ. रामविलास भारती, रिज़वान अहमद, रेनू मिश्रा, सुदर्शन कुमार, आरके यादव, दयाशंकर यादव,रोहित यादव, दिनेश गोंड, राम सिंह, राम इकबाल सिंह, सैयद आफाक हुसैन, विवेक सिंह, भूपेंद्र दीक्षित, संजय कुमार सहित एआरपी राम विजय, उमेश यादव आदि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी आदा सम्मिलित रहें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh