तेज रफ्तार बाइक 11 हजार वोल्ट के खंभे से टकराई, एक युवक की मौत, क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से दहशत, एक्सिडेंट जोन घोषित करने की मांग तेज
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव के पास शाहगंज-आजमगढ़ मार्ग पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के विद्युत खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा तीन टुकड़ों में टूट गया।
हादसे में बाइक सवार राहुल कुमार पुत्र राजकुमार तथा अजय कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी मक्खापुर थाना अहिरौला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे चौकी प्रभारी ने बताया कि उपचार के दौरान राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल अजय कुमार का इलाज जारी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार फरिहा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब दस लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र द्वारा फरिहा चौराहे पर पुलिस लाइन आजमगढ़ से स्पीड ब्रेकर मंगवाकर लगवाया गया है, लेकिन इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
पूर्व प्रधान जावेद आलम ने शासन और प्रशासन से फरिहा क्षेत्र को “एक्सिडेंट जोन” घोषित करने, मार्ग पर अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर बनवाने तथा फरिहा चौकी पर एम्बुलेंस और क्रेन की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
























































Leave a comment