Crime News / आपराधिक ख़बरे

कन्धरापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी टीटीई कार्ड बनाकर नौकरी के नाम पर 9.63 लाख रुपये ठगने वाला शातिर गिरफ्तार

क्राइम रिपोर्ट, आजमगढ़ कन्धरापुर। बेरोजगार युवाओं को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कन्धरापुर पुलिस ने फर्जी टीटीई (TTE) आईडी कार्ड बनाकर एक युवक से ₹9,63,500 (नौ लाख तिरसठ हजार पांच सौ रुपये) की मोटी रकम ठगने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से घेराबंदी कर दबोचा।

​विश्वास जीतने के लिए थमाया फर्जी आईडी कार्ड

​मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गत 7 मई को कन्धरापुर थाने के ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव (पुत्र स्वर्गीय बहोर यादव) ने पुलिस को एक शिकायती पत्र सौंपा था। पीड़ित जनार्दन यादव का आरोप था कि अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक ने उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।

​विश्वास में लेने के लिए शातिर ठग ने बकायदा एक फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर अमन को सौंप दिया, ताकि पीड़ित को कोई शक न हो। इस फर्जी नियुक्ति और आईडी कार्ड के एवज में अभियुक्त ने पीड़ित परिवार से किश्तों में कुल 9,63,500 रुपये ऐंठ लिए।

​पैसे मांगने पर दी गाली-गलौज और धमकी

​काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अमन की ज्वाइनिंग नहीं हुई और पीड़ित परिवार को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव से अपने पैसे वापस मांगे। पैसे लौटाने के नाम पर अभियुक्त आनाकानी करने लगा और पीड़ित द्वारा दबाव बनाए जाने पर वह गाली-गलौज और अंजाम भुगतने की धमकियां देने लगा। इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए पुलिस की शरण ली।

​हाईवे तिराहे से हुई गिरफ्तारी

​कन्धरापुर थाना प्रभारी के कुशल निर्देशन में मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक (उ.नि.) प्रमोद कुमार मद्धेशिया शुक्रवार, 29 मई को सुबह अपनी टीम और हमराहियों के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछितों की तलाश में मुस्तैद थे। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुबह करीब 08:10 बजे भंवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहा के पास से अभियुक्त अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया।

​विधिक कार्रवाई कर भेजा जेल

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कन्धरापुर पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस ठगी में क्या कोई और भी मोहरा शामिल है या आरोपी ने पूर्व में भी किन्हीं अन्य युवाओं को अपना शिकार बनाया है। आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh