Latest News / ताज़ातरीन खबरें

हरदोई में अशोक स्तम्भ विवाद पर प्रशासन का बड़ा बयान, डीएम ने दिया आश्वासन

हरदोई। डीएम चौराहे पर सम्राट अशोक स्तम्भ को लेकर चल रही चर्चाओं और सोशल मीडिया पर बढ़ती हलचल के बीच प्रशासन ने अपना रुख साफ कर दिया है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्पष्ट किया कि डीएम चौराहे पर किसी अन्य महापुरुष की मूर्ति लगाए जाने का कोई प्रस्ताव नहीं है और नियमानुसार सम्राट अशोक स्तम्भ ही स्थापित किया जाएगा।

दरअसल पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि हरदोई के डीएम चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित की जाएगी। इस चर्चा के बाद कुशवाहा, मौर्य, सैनी और शाक्य समाज में नाराजगी देखने को मिली। विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा 30 मई को अशोक स्तम्भ स्थापित करने का आह्वान भी किया गया था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि कुछ वर्ष पहले चौराहे पर लगा अशोक स्तम्भ खंडित हो गया था, जिसके बाद उसे हटाकर आजादी के अमृत महोत्सव स्मारक स्थल पर सम्मानपूर्वक स्थापित कराया गया था।

डीएम ने कहा कि वर्तमान में चौराहे के सौंदर्यीकरण और सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। कार्य पूरा होने के बाद नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर डीएम चौराहे पर पुनः सम्राट अशोक स्तम्भ स्थापित कराया जाएगा।

बैठक में मौजूद डॉ. अरुण मौर्या ने बताया कि जिलाधिकारी के साथ सकारात्मक वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से साफ तौर पर आश्वासन दिया गया है कि चौराहे पर किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा लगाए जाने की कोई योजना नहीं है।

वहीं एडवोकेट छविराम कुशवाहा ने बताया कि करीब आधे घंटे चली बैठक में प्रशासन ने पूर्व की भांति ही डीएम चौराहे पर अशोक स्तम्भ लगाए जाने की बात दोहराई। प्रशासन के आश्वासन के बाद 30 मई को प्रस्तावित आह्वान को रद्द कर दिया गया है।

फिलहाल प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद मामला शांत होता नजर आ रहा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh