Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर स्टेयरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न, डीएम ने दिए निर्देश

आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026।जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अंतर्गत स्टेयरिंग कमेटी की बैठक जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से पहले सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील गांवों की सूची अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
सिंचाई विभाग को तटबंधों, बांधों एवं नहरों का सघन निरीक्षण कर उनकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण शीघ्र पूरा करने तथा नदियों के जलस्तर की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
राजस्व विभाग को राहत शिविरों के लिए चिन्हित स्थानों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत, प्रकाश एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्यान्न, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को जलजनित एवं संक्रामक रोगों से निपटने के लिए दवाइयों, चिकित्सकीय टीमों एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के लिए नाव, गोताखोर एवं राहत टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।
इसके अलावा, कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखते हुए सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं आमजन को जागरूक करने के लिए प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh