Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मानदेय और नियमितीकरण की मांग को लेकर बिलरियागंज के मनरेगा कर्मी हड़ताल पर

बिलरियागंज (आजमगढ़): ग्राम रोजगार सेवक (पंचायत मित्र) वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर विकास खंड बिलरियागंज के मनरेगा कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। कर्मचारी गुरुवार, 16 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक सांकेतिक ‘कलम बंद’ हड़ताल पर रहेंगे।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले 7 से 11 महीने से मानदेय नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने 4 अक्टूबर 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को लागू करने, एचआर पॉलिसी लागू करने और मानदेय के लिए अलग बजट की व्यवस्था करने की मांग उठाई है।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से मनरेगा के तहत सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक नियमितीकरण नहीं हुआ है। कई बार शासन-प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज होकर उन्हें हड़ताल पर जाना पड़ा।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 25 अप्रैल तक मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके तहत 26 अप्रैल को प्रत्येक ब्लॉक से मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजकर विरोध दर्ज कराया जाएगा, जबकि 1 मई को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।


कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी को पत्र देकर हड़ताल के दौरान किसी भी प्रकार का कार्य दबाव न बनाने का अनुरोध किया है। इस दौरान चंद्रभान,इन्द्रकेश यादव, ओमकार, जितेंद्र गुप्ता,साधना, कुसुमलता, सुनीता देवी, माया सरोज समेत संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh