आजमगढ़: रानी की सराय में ज्वेलरी दुकान से गहने बदलकर चोरी करने वाली 2 शातिर महिलाएं गिरफ्तार, सोना-चांदी व नकदी बरामद
आजमगढ़।जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र से ज्वेलरी की दुकान में ग्राहक बनकर आभूषण बदलकर चोरी करने वाली दो शातिर महिलाओं को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और ₹1,060 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को चकसेठवल निवासी मनीष वर्मा ने तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात महिलाएं उनकी ज्वेलरी दुकान पर सोना-चांदी देखने के बहाने आईं और छलपूर्वक चांदी की पायल, सोने के बुद/कील तथा मोती की माला में लगा सोने का लॉकेट बदलकर चोरी कर ले गईं। शिकायत के आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 152/2026 के तहत धारा 305(A) और 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी नगर और सीओ नगर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 9 जून की सुबह करीब 9:14 बजे कोटिला कट के पास से किरण देवी पत्नी जगदीश निवासी कैथोली, जीयनपुर तथा अनारकली पत्नी धर्मेंद्र निवासी छपरा सुल्तानपुर, जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 116 ग्राम चांदी की पायल, 7 ग्राम सोने के बुद/कील, 2 ग्राम पीली धातु, 1 ग्राम सोने का लॉकेट तथा ₹1,060 नकद बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों पर जाती थीं और मौका मिलते ही छोटे आभूषण चोरी कर उन्हें बेच देती थीं। प्राप्त धन से वे अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। पुलिस के अनुसार, किरण देवी के विरुद्ध भुड़कुड़ा (गाजीपुर) और फूलपुर (आजमगढ़) में भी चोरी के मामले दर्ज हैं।




















































Leave a comment