आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
आजमगढ़ (बरदह)।आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रविवार अलसुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 22 वर्षीया युवती का शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर अकबाली शाह मंदिर के गेट के पास शीशम के पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि साजिशन हत्या करार दिया।
ग्रामीणों की सूचना पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन से थी लापता
मृतका तीन दिन पूर्व घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने पहले ही आशंका जताई थी कि उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।
दुष्कर्म मामले में आरोपी जेल में बंद
परिजनों के अनुसार युवती को भगाने और शादी का झांसा देकर लगातार दो वर्षों तक दुष्कर्म करने का आरोपी बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के केहडिवा निवासी अब्दुल मन्नान पुत्र जब्बार था।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार दिन पूर्व आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तारी के बाद युवती घर लौट आई थी।
आरोपी गांव में रहकर करता था फेरी
बताया जा रहा है कि अब्दुल मन्नान पिछले तीन वर्षों से मृतका के गांव में किराए पर कमरा लेकर प्लास्टिक के सामान की फेरी लगाकर बिक्री करता था। इसी दौरान उसने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
सिंदूर, सूट और संदिग्ध हालात
रविवार को जब युवती का शव मिला तो वह सूट पहने हुए थी और उसकी मांग में सिंदूर भी था, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि जहां शव लटका मिला, वहां युवती का अकेले पहुंचना संभव नहीं था, जिससे हत्या की आशंका और गहराती जा रही है।
इकलौती बहन, पिता पंजाब में करते हैं नौकरी
मृतका तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। पिता पंजाब में प्राइवेट नौकरी करते हैं। मां ने शव मिलने के बाद पुलिस को तहरीर दी है।
पहले दी थी आत्महत्या की धमकी
परिजनों का कहना है कि जब आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, तब युवती ने परिवार के सामने आत्महत्या करने की धमकी दी थी, इसके अगले ही दिन वह लापता हो गई।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। क्षेत्र में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


















































Leave a comment