पानी की टंकी के पीछे झाड़ियों में मिला नाबालिग छात्रा का शव मिलने से सनसनी
अम्बेडकर नगर ---जिले के थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरमरा पदुमपुर नसीरुद्दीन पट्टी निवासी राधेश्याम विश्वकर्मा की 17 वर्षीय पुत्री का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव से लगभग 100 मीटर दूर पानी की टंकी के पीछे झाड़ियों में बरामद किया गया। मृतक किशोरी बीते 18 दिनों से लापता थी।
बताया जा रहा है कि किशोरी कक्षा 11 की छात्रा थी। परिजनों द्वारा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 8 तारीख को थाना राजेसुल्तानपुर में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार दोपहर कुछ ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी के पीछे झाड़ियों में शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई, जिस पर मृतका की मां ने उसकी पहचान अपनी पुत्री स्नेहा के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है।मृतका पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, तेंदुआई कला में कक्षा 11 की छात्रा थी। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर अक्षय कुमार पटेल, थानाध्यक्ष जहांगीरगंज अजय प्रताप यादव, क्षेत्राधिकारी आलापुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामदेव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मौके पर फोरेंसिक टीम व एसओजी टीम (विनोद कुमार, अमित तिवारी) ने पहुंचकर बारीकी से जांच की और आवश्यक नमूने एकत्र किए। किशोरी का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई तथा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि मृतका चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके दो छोटे भाई और एक बहन हैं, जो मां के साथ रहते हैं, जबकि पिता रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं।क्षेत्राधिकारी आलापुर ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का अनावरण किया जाएगा। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा


















































Leave a comment