Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दीवाल का मलबा गिरने से किसान की दर्दनाक मौत (मऊ)


(मऊ) । हलधरपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणांचल स्थित तमसा तटवर्ती ग्राम पंचायत पीपरसाथ में रविवार की प्रात लगभग 5 बजे मिट्टी की दीवाल अचानक गिरने से किसान रामबदन यादव 65 वर्ष पुत्र स्वर्गीय कविराज यादव की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक रामबदन यादव अपने घर के सामने बने छप्पर में सो रहे थे ,प्रातः 5 बजे लघुशंका करने के लिए उठे, और जैसे ही झोपड़ी के बाहर लघुशंका करने के लिए बैठे, तब तक लगातार बारिश से पूरी तरह भीगी दीवाल उनके ऊपर गिर गई, और दीवार के मलबे की चपेट में आकर वही ढेर हो गए । उनके शोर करने पर और दीवार गिरने की आवाज सुनकर तुरंत परिजन दौड़े ,और येन केन प्रकारेण मिट्टी की दीवार का मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया। वह बुरी तरह चोटिल हो गए थे, और अचेत अवस्था में थे। परिजन तुरंत उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय ले जाते समय हलधरपुर चट्टी पर उनके प्राण पखेरू उड़ गए । किसान के असामयिक निधन से संपूर्ण क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है । इस हादसे की सूचना पर थानाध्यक्ष हलधरपुर निहार नंदन कुमार, रतनपुरा आउटपोस्ट पुलिस चौकी प्रभारी रतनपुरा गंगासागर मिश्र और क्षेत्रीय लेखपाल कृष्ण बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे ,और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया । ग्राम प्रधान यशोदा देवी ने पीड़ित परिवार के साथ हुए इस आकस्मिक दुर्घटना को देखते हुए प्रशासन से अविलंब आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। मृतक राम बदन यादव के पास नाम मात्र की खेती है, जिससे वह अपने परिवार की आजीविका चलाते थे । उनके 3 पुत्र दिनेश, विनोद एवं मनोज है । तीनों पुत्रों एवं उनकी पत्नी कमलावती देवी का रोते-रोते बुरा हाल है। प्रशासन ने परिजनों को हर संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने हैं का आश्वासन दिया है ।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh