Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सब इंस्पेक्टर की पत्नी की संदिग्ध हालात में हुई मौत मायके पक्ष ने स्कॉर्पियो की मांग को लेकर जहर देकर हत्या का लगाया आरोप

महोबा। थाना अजनर क्षेत्र के टिकरिया गांव में एसआई की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतका का पति जनपद इटावा में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात है। जनपद फतेहपुर के मलिकपुर गांव निवासी योगेंद्र राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी संगीता (25) की शादी नौ जुलाई 2024 को अजनर थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव निवासी अनोज राजपूत के साथ की थी। शादी में मायके पक्ष ने 10 लाख रुपये नकद, एक प्लाट, आभूषण और अन्य दहेज का सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालीजन दहेज में स्कॉर्पियो कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर संगीता को प्रताड़ित किया जाता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। मृतका के पिता के अनुसार, संगीता ने कई बार फोन कर ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। सात सितंबर को भी उसने फोन कर बताया कि ससुरालीजन उसे जान से मारना चाहते हैं और उसके साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद फोन कट गया। परिजन रात करीब नौ बजे संगीता के घर पहुंचे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। जानकारी करने पर पता चला कि ससुरालीजन उसे छतरपुर ले गए हैं। परिजन छतरपुर पहुंचे तो वहां संगीता मृत अवस्था में मिली। मृतका के पिता और भाई धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों ने ही उसे जहर खिलाकर मार डाला। वहीं, थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh