Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रसोईयों के योगदान से बच्चों तक पहुंचता है पौष्टिक भोजन : आनंद जायसवाल

•सम्मान समारोह में मिड डे मील रसोईयों के कार्यों को सराहा, सरकार की योजनाओं की दी जानकारी

कादीपुर सुल्तानपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों तक पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण और समय से भोजन पहुंचाने में मिड डे मील रसोईयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। रसोईये पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ बच्चों के लिए भोजन तैयार करते हैं। उनके इस योगदान को सम्मान मिलना जरूरी है। यह बातें नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने रविवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र में आयोजित रसोईयों के सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहीं।

खंड शिक्षा अधिकारी पूजा पाठक के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोईयों को सम्मानित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोईयों का महत्वपूर्ण योगदान है। सीमित संसाधनों के बावजूद वे अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोईयों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। रसोईयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड, मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी, दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा तथा पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। सरकार का उद्देश्य रसोईयों के आर्थिक और सामाजिक हितों को मजबूत करना है।

मुख्य अतिथि ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को सफल बनाने में रसोईयों की जिम्मेदारी अहम है। पौष्टिक भोजन से बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ ही विद्यालयों में उनकी उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ती है। इसलिए रसोईयों के कार्य को केवल भोजन बनाने तक सीमित नहीं माना जाना चाहिए, बल्कि यह बच्चों के बेहतर भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी पूजा पाठक ने मुख्य अतिथि आनंद जायसवाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने रसोईयों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में प्रधानमंत्री पोषण योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने में रसोईयों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी को स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण भोजन के मानकों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।

इस दौरान रसोईयों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विजय सिंह, रणविजय सिंह, शेर बहादुर शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और रसोईये मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh