नदवासराय क्षेत्र में बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
घोसी।मऊ। एसपी कमलेश बहादुर के निर्देशन में और घोसी कोतवाल रवींद्र नाथ राय के नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो स्क्वायड की ओर से नदवासराय के ग्राम देइथान में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और युवतियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर जागरूक किया गया।
महिलाएसआई ऋचा ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि परिवार ,पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला या युवती को हिंसा, प्रताड़ना, छेड़छाड़ या दहेज उत्पीड़न जैसी समस्या का सामना करना पड़े तो वह चुप न रहे और तत्काल पुलिस की मदद ले। उन्होंने महिलाओं को आत्महत्या जैसी गंभीर स्थिति से बचने के लिए समस्याओं को परिवार, पुलिस अथवा संबंधित विभाग के साथ साझा करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विवाहित महिलाओं को घरेलू हिंसा,दहेज हत्या की घटनाओं में कमी लाने के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं अविवाहित छात्राओं और युवतियों से संवाद कर सुरक्षित वातावरण बनाने, असामाजिक तत्वों से सावधान रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में पुलिस से संपर्क करने को कहा गया।
पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ सरकार की ओर से संचालित महिला कल्याण एवं सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी बताया। महिलाओं से उनकी समस्याएं पूछी गईं और सुझाव भी लिए गए।
इस दौरान मिशन शक्ति केंद्र में तैनात महिला पुलिसकर्मी, आशा बहू, सहायिका और गांव की महिलाएं मौजूद रहीं। महिला कांस्टेबल स्वाति पाल, स्मिता पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।






















































Leave a comment