Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नगर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर व्यापार मंडलों ने सौंपे संयुक्त ज्ञापन

कादीपुर/सुलतानपुर।कादीपुर नगर एवं सूरापुर बाजार क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जनसमस्याओं को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल कादीपुर एवं सूरापुर उद्योग व्यापार मंडल ने अलग-अलग ज्ञापनों के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। व्यापारियों ने यातायात, जाम, विद्युत, जलापूर्ति, आवारा पशु, बाजार अव्यवस्था और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
कादीपुर नगर पंचायत क्षेत्र को लेकर सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नगर के लगभग सभी मार्गों पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन और बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों व व्यापारियों को भारी परेशानी होती है। विद्युत विभाग पर आरोप लगाया गया कि बिना मौके पर मीटर जांच किए मनमाने बिल भेजे जा रहे हैं। साथ ही नगर में नल-जल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति, आवारा पशुओं के लिए पशुशाला तथा ठंड को देखते हुए अलाव की पर्याप्त व्यवस्था की मांग की गई।
वहीं सूरापुर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा दिए गए ज्ञापन में प्रसिद्ध विजथुआ महावीर धाम मार्ग व सूरापुर चौराहे की दुर्दशा का मुद्दा उठाया गया। अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, ई-रिक्शा व ठेला संचालन के लिए निर्धारित स्थान, बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक तथा सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा सूरापुर बाजार में हाल की चोरी की घटनाओं का खुलासा न होने पर भी व्यापारियों ने नाराजगी जताई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही जिला पंचायत द्वारा कथित रूप से बिना आए कार्यालय में गलत ढंग से नोटिस काटे जाने का भी विरोध किया गया।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की अपील की है। ज्ञापन सौंपते समय दोनों व्यापार मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh