ट्रेन की चपेट में आने से मेडिकल एजेंसी संचालक की मौत, परिवार में कोहराम
दीदारगंज -आजमगढ़ ।घर में रात का खाना तैयार था और पूरा परिवार अनुराग के लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उसके घर पहुंचने से पहले मौत की खबर आ गई। सोमवार रात करीब 10 बजे खेतासराय रेलवे स्टेशन के आउटर कासिमपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से 27 वर्षीय मेडिकल एजेंसी संचालक अनुराग यादव की मौत हो गई।
मृतक आजमगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशवां पकरौल गांव के निवासी रमाशंकर यादव के पुत्र थे और खेतासराय बाजार में मेडिकल एजेंसी चलाते थे। सोमवार शाम वह रोज की तरह घर से निकले थे। देर रात तक नहीं लौटने पर परिजन इंतजार कर रहे थे, तभी हादसे की सूचना मिली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
अनुराग की मौत से पत्नी मनीता और दो मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। उनके डेढ़ साल के जुड़वां बच्चे अर्णव और अन्या हैं। पिता रमाशंकर यादव चिकित्सक हैं। बड़ा भाई रोहित दिव्यांग है, छोटा भाई अभिषेक पढ़ाई कर रहा है।
शाहगंज जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

















































Leave a comment