Latest News / ताज़ातरीन खबरें

फूलपुर में विराट हिन्दू सम्मेलन, शोभायात्रा के साथ दिया गया हिन्दू एकता का संदेश

फूलपुर- आजमगढ़।आजमगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र मे संगठित हिन्दू, समर्थ भारत के उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व में शनिवार को फूलपुर के रामलीला प्रांगण में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। 

 

  बतादें कि,सम्मेलन की शुरुआत श्री राम जानकी अचारी बाबा मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। शोभायात्रा का शुभारम्भ मंदिर के पुजारी ऋषि तिवारी द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन व आरती के साथ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के ललाट पर तिलक लगाकर उन्हें शोभायात्रा में सम्मिलित किया गया।  शोभायात्रा अचारी बाबा मंदिर से निकलकर मां भवानी तिराहा, पुरानी सब्जी मंडी, शनिचर बाजार, चूना चौक, श्री शंकर जी तिराहा, मेन रोड, सिनेमा रोड, बस स्टॉप और बाबा परमहंस जी मार्ग होते हुए रामलीला प्रांगण पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।

 

 

   शोभायात्रा में वरिष्ठ नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं व बच्चे भगवा ध्वज के साथ शामिल हुए। इस्कॉन मंदिर समूह के प्रवीण अच्युत जी के नेतृत्व में श्रद्धालु “हरे राम, हरे कृष्ण” के जयघोष व भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे।रामलीला प्रांगण में आयोजित सभा के दौरान गायक कलाकार अनिल भोजपुरिया व आरती भारद्वाज ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा। सम्मेलन के मुख्य वक्ता आरएसएस विभाग प्रचारक दीनानाथ ने कहा कि जब हिन्दू समाज संगठित होगा, तभी भारत सशक्त और समृद्ध बनेगा। उन्होंने जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता बनाए रखने, परिवार में संस्कारों को मजबूत करने और बच्चों को महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविन्द सिंह जैसे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने की सीख दी। साथ ही प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने, रामायण व गीता के अध्ययन और सनातन संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया।

 

    कार्यक्रम की अध्यक्षता सियाराम गुप्ता ने की, जबकि संचालन सुधीर रावत ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष रत्नेश बिंद, पूर्व अध्यक्ष भानु चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद भोज का आयोजन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत फूलपुर कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh