गुजरपार बाजार में जाम, पथराव और सरकारी कार्य में बाधा के मामले में तीन गिरफ्तार
मुबारकपुर, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार में मुख्य मार्ग जाम करने, पुलिस से धक्का-मुक्की और पथराव के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्द, विजय कुमार और नागेन्द्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को उनके गांव गुजरपार स्थित घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को गुजरपार बाजार में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति को भी चोट आई थी। घटना के बाद कुछ लोगों ने बाजार चौराहे पर मुबारकपुर-जीयनपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
पुलिस द्वारा जाम खुलवाने और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की तथा ईंट-पत्थर चलाए। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और एंबुलेंस, बसों समेत कई वाहनों की कतार लग गई। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं और सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
एसएसपी के निर्देश पर गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार 27 अक्टूबर को उपनिरीक्षक प्रदीप वाजपेयी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई की। पुलिस ने सुबह करीब 10:55 बजे गुजरपार गांव स्थित आरोपियों के घर से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- गोविन्द पुत्र स्व. सोहित राम, उम्र करीब 30 वर्ष
- विजय कुमार पुत्र शंकर राम, उम्र करीब 28 वर्ष
- नागेन्द्र यादव पुत्र स्व. रामबदन यादव, उम्र करीब 35 वर्ष
तीनों आरोपी ग्राम गुजरपार, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप वाजपेयी, कांस्टेबल शिवकुमार चौहान और कांस्टेबल प्रभात भारती शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


























































Leave a comment