आजमगढ़ में सरकारी गेहूं की कालाबाजारी का आरोप, नायब तहसीलदार ने की छापेमारी
माहुल, आजमगढ़। अहरौला ब्लॉक के अतरडीहा गांव में सरकारी खाद्यान्न की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। फूलपुर के नायब तहसीलदार राजाराम ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान ढाई बोरी गेहूं और एक बाइक बरामद हुई।
जानकारी के मुताबिक, अतरडीहा गांव की कोटेदार सरिता पत्नी रामधनी के यहां ट्रक से सरकारी गेहूं उतारा जा रहा था। इसी दौरान कोटेदार का पति गेहूं की बोरियों को बाइक पर लादकर ले जाने की तैयारी में था। बताया जा रहा है कि तभी किसी ने इसकी सूचना प्रशासन को दे दी।
सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राजाराम मौके पर पहुंच गए। अधिकारी को सामने देखकर कथित तौर पर कोटेदार का पति बाइक पर गेहूं लेकर भागने लगा। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और ढाई बोरी गेहूं तथा एक बाइक मौके पर ही छूट गई। आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। नायब तहसीलदार ने बरामद गेहूं और बाइक को माहुल पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ कोटेदारों के परिजन सरकारी राशन को बाजार में बेचने के उद्देश्य से उसका दुरुपयोग करते हैं। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सरकारी गेहूं से आटा तैयार कर बाजार में बेचा जाता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस संबंध में नायब तहसीलदार राजाराम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि प्रशासनिक जांच में सरकारी खाद्यान्न की आपूर्ति और वितरण को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं तथा इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
























































Leave a comment