मीडिया हाउस विरार में आइडियल पत्रकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा का भव्य स्वागत, पत्रकार हितों पर हुई अहम चर्चा
•महाराष्ट्र में संगठन विस्तार, पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने पर बनी रणनीति
विरार (मुंबई)। आइडियल पत्रकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा के विरार पूर्व स्थित मीडिया हाउस पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों ने भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान बुके भेंट कर तथा राधा-कृष्ण की आकर्षक तस्वीर प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष महाराष्ट्र सुरेश जायसवाल, पालघर जिला संरक्षक दीपक कोटेकर, जिला महासचिव रोहित गिरी, जिला सचिव नवीन सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद ताहिर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के बाद आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। महाराष्ट्र सहित मुंबई वेस्ट जोन में संगठन का व्यापक विस्तार करने, नए पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा पत्रकारों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने तथा पत्रकारों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की आवश्यकता जताई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता, संगठन की सक्रियता और पत्रकार हितों के प्रति समर्पण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। संगठन का उद्देश्य केवल विस्तार करना नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाना और पत्रकारिता जगत में आपसी सहयोग एवं एकता की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों और पत्रकार साथियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया हाउस विरार में आयोजित यह स्वागत समारोह केवल सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पत्रकारों की एकता, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सामूहिक प्रयासों को नई ऊर्जा देने वाला आयोजन साबित हुआ।
आइडियल पत्रकार संगठन का संकल्प है—पत्रकारों का सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और संगठन की मजबूती।
























































Leave a comment