करवा चौथ आज: सुहाग की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत
देवरिया। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की कामना को लेकर जिले भर में गुरुवार को सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांवों में महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। बाजारों में करवा, पूजा सामग्री, फल, मिठाइयों, साड़ियों, चूड़ियों और श्रृंगार के सामान की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी हुई है। सुहागिन महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखकर शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी और रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद अपने पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण करेंगी।
करवा चौथ का पर्व भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं में विशेष महत्व रखता है। यह पर्व पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत रखने से पति की लंबी आयु और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। ग्रामीण अंचलों में आज भी इस पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाने की विशेष परंपरा है। महिलाएं एक-दूसरे के साथ पूजा की तैयारियां करती हैं और शाम को सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनती हैं।
























































Leave a comment