कस्बा बाजार में शराब की दुकान को लेकर उद्देश्य पांडेय के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंची महिलाए
भाजपा नेता उद्देश्य पाण्डेय के नेतृत्व में एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, राहगीरों से अभद्रता और हाथापाई के आरोपों पर कार्रवाई की मांग*
घोसी।मऊ। घोसी नगर के कस्बा बाजार में संचालित शराब की दुकान को लेकर कल की घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। दुकान के आसपास नशे में धुत लोगों द्वारा राहगीरों से अभद्रता, महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियों और हाथापाई किए जाने के आरोपों के बीच अब दुकान को मुख्य बाजार से हटाने की मांग तेज हो गई है। भाजपा नेता उद्देश्य पाण्डेय के नेतृत्व में नगरवासियों ने एसडीएम घोसी अशोक कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर जनहित में शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की। आरोप लगाया की रविवार की घटना शराब की दुकान नहीं होती, तो नहीं होती।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब की दुकान के आसपास आए दिन शराबियों के असहज व्यवहार से असहज स्थिति पैदा होती है जिससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की स्थिति चिंताजनक है। इससे न केवल आमजन का आवागमन प्रभावित होता है बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना है कि मुख्य बाजार में ऐसा सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित किया जाना चाहिए जहां महिलाएं और अन्य नागरिक बिना किसी भय या असहजता के आवागमन कर सकें।
शराब की दुकान को लेकर उठे इस विरोध के बाद अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए जनसुरक्षा और महिला सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी तथा समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा नेता उद्देश्य पांडेय,अतुल शर्मा, रामकिशुन, विनोद कुमार, आलोक, दलीप, सरस्वती, इंदु सोनकर, रीना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।























































Leave a comment