गुरुओं के सम्मान में गूंजा के.के. पब्लिक एकेडमी, शिक्षकों को उपहार देकर किया गया सम्मान
देवरिया। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को स्थानीय नगर पंचायत के हरिकिर्तन मोहल्ला स्थित के.के. पब्लिक एकेडमी सीनियर सेकेंडरी भटनी में सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक बी.के. श्रीवास्तव एवं कार्यकारी निदेशक अजय वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिक्षक दिवस के मौके पर विद्यार्थियों ने केक काटकर अपने गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अध्यापक-अध्यापिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों के चेहरे पर खुशी नजर आई, वहीं विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के प्रबंधक बी.के. श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं और उनके संस्कार व भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। शिक्षक दिवस गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। कार्यकारी निदेशक अजय वर्मा ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक की सीख विद्यार्थी के पूरे जीवन को नई दिशा दे सकती है। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी प्रदान की जाए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं तथा छात्र छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


























































Leave a comment