फर्जी इंश्योरेंस पॉलिसी बनाकर ग्राहकों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर ग्राहकों से ठगी करने के मामले में मुबारकपुर पुलिस ने दिल्ली निवासी एक शातिर वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ओप्पो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेश के बाद रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर मुबारकपुर थाने में रवि कुमार झा और अंकित जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों फर्जी व कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार कर आम लोगों के साथ धोखाधड़ी और ठगी करते थे। शनिवार को उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण और शांति व्यवस्था में लगे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी रवि कुमार झा रोडवेज तिराहे के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 13:05 बजे रोडवेज तिराहे से कुछ दूरी पहले, कस्बा मुबारकपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार झा पुत्र विनोद झा, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता उत्तमनगर जनकपुरी, नई दिल्ली और मूल पता सीतामढ़ी, बिहार बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वह ग्राहकों से रुपये लेकर रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस कंपनी के नाम पर फर्जी और कूटरचित इंश्योरेंस पॉलिसी तैयार करता था। इसके जरिए वह अनुचित लाभ अर्जित करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मु0अ0सं0 298/2026, धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी तथा कांस्टेबल कुलदीप सरोज और कांस्टेबल मुकुन्द मिश्रा शामिल रहे।




















































Leave a comment