बेटे की चाहत में दूसरी शादी, फिर पत्नी की हत्या चलती कार में गला दबाया, ईंट से कुचलकर शव फेंका
मेरठ। शीबा हत्याकांड में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति सादिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बेटे की चाहत में दूसरी शादी करने वाले सादिक ने परिवार के साथ मिलकर शीबा की हत्या की साजिश रची थी। चलती कार में उसका गला दबाया गया। अधमरी हालत में गन्ने के खेत में फेंकने के बाद सांस चलती देखकर आरोपितों ने ईंट से सिर और चेहरा कुचल दिया। मामले में सादिक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि उसके भाई आबिद की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक भावनपुर क्षेत्र के सियाल गांव निवासी शीबा का निकाह वर्ष 2019 में कंकरखेड़ा क्षेत्र के मोहम्मदपुर लाला गांव निवासी शाहरुख से हुआ था। उसकी एक बेटी भी है। बाद में गांव के ही सादिक से शीबा के प्रेम संबंध हो गए और दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी आसिया से पांच बेटियां हैं। पुलिस का कहना है कि बेटे की चाहत में सादिक ने शीबा से शादी की थी। बताया गया कि शीबा से सादिक को बेटा हुआ, लेकिन इसके बाद पारिवारिक विवाद बढ़ गया। शीबा अपनी पहली शादी से हुई बेटी को भी अपने साथ रखना चाहती थी। वहीं सादिक और उसके परिजन शीबा के 18 माह के बेटे को अपने पास रखना चाहते थे। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
कार में ही शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को सादिक परिवार के सदस्यों के साथ शीबा को जबरन कार में बैठाकर ले गया। रास्ते में शीबा ने अपने भाई जुनैद को फोन कर बताया कि उसे जबरन ले जाया जा रहा है और सादिक देहरादून ले जाने की बात कह रहा है। इसी दौरान कार में विवाद और छीना-झपटी हुई, जिसमें शीबा का मोबाइल टूट गया। पुलिस का दावा है कि कार में पीछे बैठी सादिक की पहली पत्नी आसिया और उसकी मां वसीला ने शीबा का गला दबाया। सादिक कार चला रहा था। गला दबाने के बाद शीबा को अधमरी हालत में सरधना क्षेत्र के गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। उसकी सांस चलती देख सादिक, उसके भाइयों, वसीला और आसिया ने ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया से हुई पहचान
शीबा का शव सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के जंगल में गन्ने के खेत से बरामद हुआ था। 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर देखने के बाद परिजन थाने पहुंचे और उसकी पहचान शीबा के रूप में की। इसके बाद उसके भाई जुनैद की तहरीर पर सादिक, उसकी पहली पत्नी, मां और भाई समेत पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ सरधना आशुतोष कुमार के अनुसार मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। सादिक के भाई आबिद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।


























































Leave a comment