बिलरियागंज के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोर से श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
बिलरियागंज आजमगढ़। सावन के अवसर पर सोमवार को बिलरियागंज क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नरोत्तम ब्रह्म बाबा मंदिर, भीमबर में सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालु दर्शन-पूजन और अर्चन के लिए पहुंचने लगे। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों की आवाजाही बनी रही।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नरोत्तम ब्रह्म बाबा मंदिर परिसर में अखंड हरि कीर्तन का शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
इसी क्रम में झारखंडेय महादेव मंदिर जलालपुर गद्दोपुर, शिव मंदिर बिलरियागंज तथा नया चौक स्थित शिव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ और यातायात व्यवस्था पर नजर बनाए रहे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुबह से ही मंदिरों में उमड़ी भीड़ ने पूरे बिलरियागंज क्षेत्र को आस्था, भक्ति और शिवमय वातावरण से सराबोर कर दिया।


























































Leave a comment