आजमगढ़ में महिला उद्यमियों को DM की अपील—CM युवा योजना से 5 लाख तक लोन लेकर शुरू करें कारोबार
• हरिऔध कला भवन में लगा ‘पहल मेला’, महिला उद्यमियों के उत्पादों ने खींचा लोगों का ध्यान; बनारसी साड़ियों से लेकर मुफ्त हेल्थ चेकअप तक रहे आकर्षण
आजमगढ़। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रविवार को हरिऔध कला भवन में न्यू कला केंद्र समिति की ओर से ‘पहल मेला’ आयोजित किया गया। मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं पूर्व जिलाधिकारी एन.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
मुख्य अतिथियों ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला उद्यमियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
CM युवा योजना से 5 लाख तक लोन लेने की अपील
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आयोजक विभा गोयल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने महिला उद्यमियों से अपने व्यवसाय को बड़े स्तर पर ले जाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना (CM युवा) के तहत 5 लाख रुपये तक का लोन लेकर उद्यम शुरू करने अथवा कारोबार को विस्तार देने के लिए प्रेरित किया।
DM ने महिलाओं से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के स्वयं सहायता महिला समूहों से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की भी अपील की।
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की पहल पर हरिऔध कला केंद्र हॉल निशुल्क उपलब्ध कराया गया।
बनारसी साड़ियों से लेकर हैंडमेड उत्पादों तक दिखी विविधता
पहल मेले में महिला उद्यमियों और विभिन्न स्टार्टअप से जुड़े लोगों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। यहां बनारसी सिल्क, जॉर्जेट और शिफॉन की साड़ियां एवं दुपट्टे आकर्षण का केंद्र रहे।
इसके अलावा कुर्तियां, बैग, बच्चों के कपड़े एवं सामान, पेंटिंग्स, हैंडमेड पाइप क्लीनर, राखी, हेयर एक्सेसरीज, गिफ्ट आइटम्स, सिल्वर एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी तथा हैंडमेड खिलौने भी प्रदर्शित किए गए।
द देशी डिलाइट्स की ओर से मोरिंगा, तीसी, मूंग और सोंठ से तैयार पौष्टिक उत्पाद भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
मुफ्त हेल्थ और स्किन चेकअप की सुविधा
मेले में फ्री हेल्थ एवं स्किन चेकअप के साथ-साथ मुफ्त शुगर और ब्लड प्रेशर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा बच्चों के भविष्य के लिए म्यूचुअल फंड से जुड़ी जानकारी भी दी गई।
मेले में कोलकाता की झालमुड़ी, पानीपुरी, दहीपुरी, मेहंदी और गेम्स कॉर्नर ने भी लोगों को आकर्षित किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह, प्रबंधक राजेंद्र यादव, प्रबंधक रमाकांत वर्मा, अनूप अग्रवाल, नीलांबुज़ गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। टिंटू गुप्ता और गौरी अग्रवाल ने मंच संचालन किया।
GGS NEWS 24 | महिलाओं के हुनर को बाजार, आत्मनिर्भरता को नई उड़ान




















































Leave a comment