Crime News / आपराधिक ख़बरे

मऊ में पुलिस ने 11 लोगों के चेहरे पर लौटाई मुस्कान: सीईआईआर से 2.10 लाख के मोबाइल बरामद, 9 मालिकों को लौटाए

सदर कोतवाल प्रमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में साइबर टीम की कार्रवाई; मोबाइल मिलते ही बोले- पुलिस का शुक्रिया

मऊ। मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए मऊ पुलिस ने राहत की खबर दी है। सदर कोतवाली  पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 11 गुमशुदा स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 10 हजार रुपए है। रविवार को सत्यापन और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 9 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
एसपी कमलेश बहादुर के निर्देश पर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन और सीओ नगर नितेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाल सदर प्रमेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में गुम और चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए कार्रवाई की गई।
सीईआईआर पोर्टल पर शिकायतों से शुरू हुई तलाश:
पुलिस के अनुसार सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कोतवाली नगर की साइबर टीम ने गुम मोबाइल की तकनीकी निगरानी शुरू की। टीम ने लगातार मोबाइलों की लोकेशन और तकनीकी गतिविधियों पर नजर रखी। प्रयास के बाद कुल 11 मोबाइल बरामद किए गए।
मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया। इसके बाद रविवार को कोतवाली पहुंचे 9 लोगों को उनके मोबाइल सौंप दिए गए।
मोबाइल मिला तो पुलिस को कहा धन्यवाद:
खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने कोतवाली नगर पुलिस और साइबर टीम की कार्रवाई की सराहना की। लोगों का कहना था कि मोबाइल में जरूरी नंबर, दस्तावेज और निजी जानकारी होने के कारण उसके गुम होने से काफी परेशानी हो रही थी। मोबाइल वापस मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
कोतवाल प्रमेन्द्र सिंह बोले- मोबाइल गुम होते ही सूचना दें:
प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मोबाइल गुम होने पर लोग इसे लेकर लापरवाही न बरतें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। मोबाइल का आईएमईआई नंबर और जरूरी विवरण उपलब्ध कराने से उसकी तलाश में मदद मिलती है।
   उन्होंने कहा कि सीईआईआर पोर्टल के जरिए गुम मोबाइल की तकनीकी निगरानी और बरामदगी में काफी मदद मिल रही है। कोतवाली नगर पुलिस की साइबर टीम लगातार ऐसे मोबाइलों की तलाश कर रही है ताकि उन्हें बरामद कर वास्तविक धारकों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने लोगों से मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
   मोबाइल बरामद करने वाली टीम में कोतवाल प्रमेन्द्र कुमार सिंह, एसआई सपना, कांस्टेबल अशोक कन्नौजिया और कांस्टेबल अजीत चौरसिया शामिल रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh