कंधरापुर थाने में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
•राजस्व और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने शुक्रवार को थाना कंधरापुर में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने थाना क्षेत्र से आए लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों को लेकर फरियादी अधिकारियों के समक्ष पहुंचे। डीएम और एसएसपी ने एक-एक कर उनकी शिकायतों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
डीएम और एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो। किसी भी फरियादी को बेवजह परेशान न किया जाए तथा उसकी समस्या का नियमानुसार समाधान कराया जाए।
इस दौरान थाना कंधरापुर के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।






















































Leave a comment