सीओ एवं कोतवाल ने प्रमुख मंदिरों का किया निरीक्षण, कोतवाल बोले- सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही
घोसी।मऊ। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर घोसी नगर और कोपागंज क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आए। तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवालयों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पूजा सामग्री लिए श्रद्धालु देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। पूरे दिन "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर के मझवारा मोड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, बड़ागांव शिव मंदिर, कस्बा बाजार शिव मंदिर, श्री गौरी जी मंदिर तथा नौसेमर शिव मंदिर (कोपागंज) में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में भजन-कीर्तन, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समितियों और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था संभाली। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए अलग से व्यवस्था की गई जिससे भीड़ के बावजूद दर्शन सुचारु रूप से चलते रहे। मंदिर परिसरों के बाहर प्रसाद, फूल-माला और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर रौनक बनी रही।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने सर्किल क्षेत्र के नरोखर पोखरा मंदिर, श्री गौरीशंकर जी मंदिर और नौसेमर शिव मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय भी पुलिस बल के साथ नगर के मझवारा मोड़,बढ़ेगी आदि प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील स्थानों का लगातार भ्रमण करते रहे। मंदिरों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धा, भक्ति और प्रशासन की प्रभावी तैयारियों के बीच सावन का पहला सोमवार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शिवालयों में उमड़ी आस्था और पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी ने धार्मिक उत्साह के साथ बेहतर व्यवस्थाओं का भी संदेश दिया।

























































Leave a comment