जीआरपी देवरिया की बड़ी सफलता, शातिर लुटेरा गिरफ्तार
देवरिया। जीआरपी थाना देवरिया की पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में लूट एवं चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस महानिदेशक रेलवे श्री प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे श्री रामकृष्ण भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
रेलवे उपाधीक्षक बलिया सवि रत्न गौतम के पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने 1 अगस्त 2026 को इंदिरा नगर क्षेत्र, लखनऊ से आरोपी कृष्णा प्रताप सिंह उर्फ बिट्टू (34 वर्ष), निवासी सिंधीमिल कॉलोनी, थाना कोतवाली, देवरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध जीआरपी थाने में मुकदमा संख्या 41/26 के अंतर्गत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 24 जुलाई 2026 को रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर स्थित एक दुकान में चोरी और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बताया कि उसने लूटे गए रुपये अपने निजी खर्चों और शौक पूरे करने में खर्च कर दिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जीआरपी की इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी तथा लूट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

























































Leave a comment