आजमगढ़: बुलडोजर-जेसीबी का काम दिलाने के नाम पर 15.50 लाख की ठगी, साइबर क्राइम पुलिस ने शातिर गिरफ्तार किया
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बुलडोजर एवं जेसीबी का काम दिलाने के नाम पर करीब 15.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज सिंह पुत्र स्व. रवि प्रकाश सिंह निवासी सरायवृन्दावन, थाना तरवां, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं को नवी मुंबई की एक कंपनी का कर्मचारी बताकर लोगों को फोन करता था और बड़े प्रोजेक्ट में बुलडोजर व जेसीबी मशीन लगाने का झांसा देता था। काम दिलाने के नाम पर एडवांस एवं रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में रुपये लेकर लोगों से ठगी करता था। इसके अलावा फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजने, सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने तथा ठगी की रकम जनसेवा केंद्रों के क्यूआर कोड के माध्यम से नकद निकलवाने का भी काम करता था।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के पर्यवेक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी साइबर आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबर 7607258498 की जांच की। जांच में पता चला कि उक्त नंबर से जुड़े आईएमईआई पर देशभर में 13 एनसीआरपी शिकायतें दर्ज हैं।
30 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम टीम ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को उसके गांव स्थित ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन एवं 1,350 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी सरकारी प्रोजेक्ट या कंपनी के नाम पर फोन पर धनराशि जमा करने से पहले पूरी तरह सत्यापन कर लें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

























































Leave a comment