Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जनहित और व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों पर बरहज तहसील में महत्वपूर्ण बैठक, नाला निर्माण कार्य कल से होगा पुनः शुरू

देवरिया। बरहज तहसील सभागार में जनहित एवं व्यापारी बंधुओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी ने की, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम सुंदर जायसवाल, अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी, व्यापारी बंधु तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में रेलवे तिराहा से रेलवे स्टेशन होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक संचालित नाला निर्माण कार्य को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों और भ्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्य रेलवे विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त होने के बाद ही नियमानुसार एवं स्वीकृत प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा है।

बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने डीआरएम वाराणसी से दूरभाष पर वार्ता की, जिसके बाद यह जानकारी दी गई कि नाला निर्माण कार्य बुधवार से पुनः प्रारंभ कर दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद गौरा बरहज ने नगर के विकास कार्यों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और नियमों के अनुरूप पूरा कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

स्वच्छता व्यवस्था और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से वर्तमान मीट एवं मछली मार्केट को मोहन सेतु मार्ग स्थित नगर पालिका की सरकारी भूमि पर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही इस स्थानांतरण को अमल में लाने का निर्णय लिया गया।

बैठक में नगर की जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रमुख नालों और नालियों की नियमित सफाई, मरम्मत तथा आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कार्य कराने पर सहमति बनी। साथ ही रुद्रपुर मुख्य नाला निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराने का निर्णय लिया गया, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके अलावा नगर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के तहत रेलवे रोड पर आधुनिक एलईडी प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने तथा सरयू नदी तट के सुंदरीकरण कार्य को प्राथमिकता से कराने का भी निर्णय लिया गया। इन परियोजनाओं से नगर की सुंदरता बढ़ने, रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित होने, पर्यटन को बढ़ावा मिलने और नागरिकों व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh