17 जून को होगी पोषण पाठशाला, टीएचआर की नई पहल और गर्मी से बचाव पर देंगे विशेषज्ञ जानकारी
•आईसीडीएस विभाग के वेबकास्ट कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे आमजन और लाभार्थी, पोषण प्रबंधन व कुपोषण से बचाव पर होगी विस्तृत चर्चा ।
सुलतानपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीडीएस) द्वारा पोषण जागरूकता को बढ़ावा देने तथा लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से 17 जून को विशेष पोषण पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम का मुख्य विषय "टीएचआर (टेक होम राशन) की नई पहल एवं गर्मी के मौसम में बचाव और देखभाल" रखा गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि आईसीडीएस विभाग द्वारा विगत वर्षों से नियमित रूप से पोषण पाठशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों तथा छह वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को पोषण प्रबंधन, संतुलित आहार, कुपोषण की पहचान एवं उससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 17 जून 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के माध्यम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं लाइव वेबकास्ट के जरिए कार्यक्रम का प्रसारण किया जाएगा। इस दौरान विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो सरल हिंदी भाषा में पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष रूप से टीएचआर (टेक होम राशन) व्यवस्था में किए गए नवाचारों और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही भीषण गर्मी के मौसम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों की देखभाल, हीट स्ट्रोक से बचाव, पर्याप्त पानी के सेवन तथा पौष्टिक आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
आईसीडीएस विभाग ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, लाभार्थियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है। विभाग का मानना है कि पोषण संबंधी सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से कुपोषण को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार कार्यक्रम का लाइव वेबकास्ट सभी इच्छुक नागरिकों के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे घर बैठे लोग विशेषज्ञों की सलाह प्राप्त कर सकेंगे और अपने प्रश्नों का समाधान भी जान सकेंगे। विभाग को उम्मीद है कि यह पहल जनपद में पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को नई दिशा प्रदान करेगी।





















































Leave a comment