आजमगढ़ कोटिला कट के पास ट्रेलर की चपेट में आई बाइक किशोरी की दर्दनाक मौत दो लोग गंभीर रूप से घायल
आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में कोटिला कट के पास एक सड़क दुर्घटना में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना मंगलवार शाम करीब चार बजे हुई, जब एक बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई। मृतक किशोरी की पहचान 15 वर्षीय प्रिया भारती के रूप में हुई है, जो ग्राम चेवार पूर्व, थाना चंदवक की निवासी थी। इस दुर्घटना में प्रिया के मामा रमेश भारती और ममेरा भाई प्रियांशु भारती भी घायल हो गए। रमेश भारती अपने पुत्र और भांजी प्रिया के साथ एक ही बाइक से आजमगढ़ से अपने घर देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कैथीशंकरपुर गांव लौट रहे थे। कोटिला कट के पास पहुंचने पर आजमगढ़ से वाराणसी जा रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पलट गई, जिससे प्रिया भारती ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रियांशु भारती को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 45 वर्षीय रमेश भारती को मामूली चोटें लगी हैं। प्रियांशु को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर रानीकीसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई।





















































Leave a comment