Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित, ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाई जाएगी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना-सीडीओ

देवरिया । मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सीएम युवा कार्यशाला का आयोजन गांधी सभागार, विकास भवन, जनपद देवरिया में सम्पन्न हुआ। इस कार्यशाला में मुख्य विकास अधिकारी  द्वारा समस्त व्यक्तियों से यह आह्वान किया गया कि सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित इस योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें, जिससे जनपद देवरिया की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हो सके।
          बैठक में उपस्थित समस्त विकासखंडों के बीएमएम, आईटीआई के अनुदेशकों एवं कौशल विकास मिशन के प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम तीन-तीन आवेदन पत्र विभिन्न सेक्टरों में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत कराए जाएं।
        सभागार में उपस्थित समस्त कार्मिकों एवं आवेदकों को पीपीटी के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उनसे प्राप्त प्रश्नों का समाधान भी किया गया। इस योजना के अंतर्गत आवेदकों से विभिन्न प्रमुख उद्योगों में ऑनलाइन आवेदन कराने का अनुरोध किया गया।
         उक्त कार्यशाला का आयोजन उपायुक्त उद्योग एस. सिद्दीकी द्वारा किया गया तथा योजना की पीपीटी का संचालन सीएम युवा फेलो अश्वनी यादव,  शुभेंदु सिंह एवं डीएम रैंप शाहिद अली खान द्वारा किया गया। कार्यशाला के समापन पर उपायुक्त उद्योग द्वारा सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
        योजना के अंतर्गत प्रमुख उद्योगों में ब्यूटी पार्लर, मेन्स पार्लर, सिलाई सेंटर, फ्लोर मिल, राइस मिल, शटरिंग सर्विस, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स रिपेयरिंग, दोना-पत्तल उद्योग, बुक बाइंडिंग उद्योग, प्रिंटिंग कार्य, कॉपी-पेपर निर्माण उद्योग, डिजिटल लाइब्रेरी, व्हीकल सर्विसेज, मसाला निर्माण उद्योग, फर्नीचर उद्योग, फास्ट फूड सर्विसेज, टी आउटलेट, डेयरी प्रोजेक्ट, अचार निर्माण उद्योग, कंप्यूटर साइबर सेंटर, पापड़ निर्माण, जूस कॉर्नर, ई-रिक्शा, फोटो स्टूडियो, मोबाइल रिपेयरिंग, लॉन्ड्री एवं ड्राई क्लीनिंग, प्लंबिंग सर्विसेज, मिनी ऑयल मिल, वेल्डिंग वर्कशॉप तथा पैथोलॉजी सेंटर शामिल हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh