Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पुजा करने गई वृद्धा की कुएं में गिरकर हुईं मौत खुला कुआं बना जानलेवा; ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था की उठाई मांग

आजमगढ़। जनपद के पवई थाना क्षेत्र के बसही अशरफपुर गांव में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 95 वर्षीय वृद्ध महिला की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले कुएं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बसही अशरफपुर गांव निवासी भज्जी देवी (95) पत्नी स्वर्गीय श्रीपति राम सोमवार सुबह रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए घर से निकली थीं। बताया जाता है कि घर के पास स्थित एक पुराने कुएं के निकट किसी समय उनका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में जा गिरीं। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं तो परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश करने लगे। इसी दौरान कुएं के पास उनकी चप्पल और सहारे के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला डंडा पड़ा मिला, जिससे आशंका हुई कि वह कुएं में गिर गई हैं। ग्रामीणों ने तत्काल कुएं में झांककर देखा तो वृद्धा उसमें पड़ी मिलीं। आनन-फानन में गांव के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। मृतका के नाती दुर्गेश पुत्र रत्तीलाल ने बताया कि उनकी नानी सुबह करीब आठ बजे पूजा करने के लिए निकली थीं। परिवार में पति और बच्चों के निधन के बाद वह अकेली थीं और वही उनकी देखभाल करता था। वृद्धा का अधिकांश समय घर के पास स्थित उसी कुएं के आसपास छांव में बैठकर गुजरता था। ग्रामीणों के अनुसार सुबह लगभग सात बजे कुएं में गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने खुले कुएं की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि कुएं पर न तो कोई मजबूत ढक्कन है और न ही पर्याप्त घेराबंदी की व्यवस्था। ऐसे में यह कुआं बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गांव के खुले कुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सूचना मिलने पर पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवई थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पूजा करने गई वृद्ध महिला के कुएं में गिरने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh